मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी
मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी हृदय वाल्व प्रतिस्थापन की एक उन्नत और रोगी-अनुकूल तकनीक है जिसमें पूरे ब्रेस्टबोन (स्टर्नम) को नहीं काटा जाता। इसके बजाय, सर्जन छोटे चीरे लगाकर विशेष उपकरणों और कभी-कभी रोबोटिक या वीडियो-असिस्टेड तकनीक की मदद से ऑपरेशन करते हैं। यह तकनीक पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी के समान ही उद्देश्य प्राप्त करती है — यानी क्षतिग्रस्त या बीमार वाल्व को बदलना — लेकिन इससे शरीर पर कम आघात, कम दर्द और तेज़ रिकवरी होती है।
यह प्रक्रिया एऑर्टिक और माइट्रल दोनों वाल्व के प्रतिस्थापन के लिए की जा सकती है, और ज्यादातर मामलों में ट्राइकस्पिड वाल्व के लिए भी लागू होती है। यह उत्कृष्ट दीर्घकालिक परिणाम प्रदान करती है और विश्वभर के प्रमुख कार्डियक केंद्रों में व्यापक रूप से अपनाई जाती है।
मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट कैसे किया जाता है?
पारंपरिक हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी की तरह ही, मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट भी एक विशेष मशीन जिसे हार्ट–लंग मशीन कहा जाता है, की मदद से की जाती है। यह मशीन ऑपरेशन के दौरान अस्थायी रूप से हृदय और फेफड़ों का कार्य संभालती है और शरीर में ऑक्सीजन और रक्त संचार बनाए रखती है जबकि हृदय को अस्थायी रूप से रोका दिया जाता है ताकि सर्जरी को एक रक्त-रहित क्षेत्र में किया जा सके। वाल्व को बदलने (या मरम्मत/रिपेयर करने) के बाद हृदय की धड़कन को दोबारा चालू किया जाता है।
मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट की मुख्य विशेषता यह है कि इस प्रक्रिया में ब्रेस्टबोन (स्टर्नम) को नहीं काटा जाता। इसके बजाय, सर्जन बिना किसी हड्डी को काटे, पसलियों के बीच में या छाती के ऊपरी हिस्से में 5–7 सेमी के छोटे चीरे लगाकर एऑर्टिक या माइट्रल वाल्व जैसे बीमार वाल्व को बदलते हैं। इस प्रक्रिया को सटीक रूप से संपन्न करने के लिए विशेष उपकरणों और हाई-डेफिनिशन कैमरों की मदद ली जाती है.
कुछ मामलों में, अधिक सटीकता और न्यूनतम आघात के लिए रोबोटिक या एंडोस्कोपिक तकनीकों का भी उपयोग किया जाता है।
क्षतिग्रस्त वाल्व को रोगी की स्थिति और पसंद के अनुसार या तो एक मैकेनिकल (धातु के) वाल्व या बायोलॉजिकल (टिश्यू) वाल्व से बदल दिया जाता है।
कृपया ध्यान दें, जैसा कि हमने पिछले लेखों में बताया है, मिनिमली इनवेसिव “बायपास ऑपरेशन” बिना हार्ट–लंग मशीन के और बिना हृदय को रोके (ऑफ-पंप/बीटिंग हार्ट) किया जा सकता है, लेकिन मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट (या रिपेयर) ऑपरेशन हार्ट–लंग मशीन की मदद के बिना नहीं किया जा सकता।
मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट कब आवश्यक होता है?
मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट का परामर्श देने के कारण पारंपरिक वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी के समान हैं। यह निम्न स्थितियों में अनुशंसित है:
- गंभीर वाल्व संकुचन (स्टेनोसिस) या रिसाव (रिगर्जिटेशन)
- अपक्षयी (डिजेनेरेटिव) या जन्मजात वाल्व रोग
- वाल्व को प्रभावित करने वाला रूमेटिक हृदय रोग
- एऑर्टिक या माइट्रल वाल्व की खराबी जिससे सांस फूलना, थकान या सीने में दर्द होता है
आपके चिकित्सक आपकी विभिन्न जांचों एवं हृदय की कार्य क्षमता के मूल्यांकन के आधार पर इस प्रक्रिया की उपयुक्तता निर्धारित करते हैं।
मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट के लाभ
पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी की तुलना में इस प्रक्रिया के प्रमुख लाभ हैं:
छोटे चीरे
छोटे निशान
कम पीड़ा
कम रक्तस्राव
संक्रमण का कम जोखिम
कम अस्पताल में ठहराव (आमतौर पर 3–5 दिन)
तेज़ रिकवरी
सामान्य गतिविधियों में शीघ्र वापसी
बेहतर कॉस्मेटिक परिणाम, विशेष रूप से युवा रोगियों के लिए
उपयोग किए जाने वाले वाल्व के प्रकार
दो मुख्य प्रकार के कृत्रिम वाल्व उपयोग किए जाते हैं: मैकेनिकल (धातु के) वाल्व और बायोलॉजिकल (टिश्यू) वाल्व। मैकेनिकल वाल्व अत्यधिक टिकाऊ होते हैं और आमतौर पर जीवनभर चलते हैं, लेकिन इनके सुचारू रूप से चालन के लिए आजीवन रक्त पतला करने की दवाइयाँ एंटीकोएग्युलेशन (ब्लड-थिनिंग) लेने की आवश्यकता होती है। बायोलॉजिकल वाल्व, जो सूअर, गाय या दान किए गए मानव ऊतकों से बने होते हैं, को दीर्घकालिक एंटीकोएग्युलेशन की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन वे 10–20 वर्षों में खराब हो सकते हैं और पुनः प्रतिस्थापन (दोबारा सर्जरी) की आवश्यकता पड़ सकती है।
60 वर्ष से कम आयु के या स्वस्थ और लंबी जीवन प्रत्याशा (लाइफ़ एक्सपेक्टेंसी) वाले रोगियों को मैकेनिकल वाल्व से लाभ होता है, जबकि बुजुर्ग रोगी या जिन्हें ब्लड-थिनिंग दवाओं से जोखिम है, वे बायोलॉजिकल वाल्व के लिए अधिक उपयुक्त होते हैं। प्रजनन की आयु वाली गर्भधारण की योजना बनाने वाली महिलाओं को आमतौर पर टिश्यू वाल्व की सलाह दी जाती है ताकि गर्भ में पल रहे भ्रूण को एंटीकोएग्युलेशन से होने वाली जटिलताओं से बचाया जा सके।
मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी के बाद रिकवरी
अधिकांश रोगी पारंपरिक सर्जरी की तुलना में काफ़ी अधिक तेज़ी से ठीक होते हैं। वे एक या दो दिनों में चलना शुरू कर सकते हैं और आमतौर पर 3–5 दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल जाती है। पूरी रिकवरी आमतौर पर 4–6 सप्ताह में होती है और 2 से 3 सप्ताह में हल्की शारीरिक गतिविधियाँ शुरू की जा सकती हैं।
एक संरचित कार्डियक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम की सिफारिश की जाती है ताकि सहनशक्ति और आत्मविश्वास में सुधार हो सके। नियमित फॉलो-अप और इकोकार्डियोग्राफी यह सुनिश्चित करते
हैं कि वाल्व सामान्य रूप से कार्य कर रहा है। अधिकांश रोगियों को सांस फूलना और थकान जैसी पुरानी समस्याओं से राहत मिलती है और वे काफ़ी जल्दी पूर्णतः सामान्य जीवन व्यतीत करने लगते हैं.
जोखिम और जटिलताएँ (Risks and Complications)
हालांकि मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट एक अत्यंत सुरक्षित आधुनिक हृदय प्रक्रिया है, फिर भी इनमे किसी भी बड़ी सर्जरी की तरह कुछ जोखिमों की संभावना हो सकती है।
सामान्य रूप से होने वाली जटिलताओं में रक्तस्राव, अनियमित हृदयगति (अरिद्मिया), संक्रमण, हल्की सांस लेने में कठिनाई या फेफड़ों के आसपास अस्थायी तरल संचय (प्लूरल इफ्यूजन) शामिल हैं। ये समस्याएँ आमतौर पर ज्यादा गंभीर नहीं होती हैं और दवा या सामान्य पोस्टऑपरेटिव देखभाल से नियंत्रित की जा सकती हैं।
कम संख्या में होने वाली परंतु गंभीर जटिलताओं में पक्षाघात (स्ट्रोक), गुर्दे की कार्यक्षमता में गड़बड़ी (किडनी फेलियर), लंबे समय तक वेंटिलेशन की आवश्यकता या दुर्लभ मामलों में पूर्ण स्टर्नोटॉमी में परिवर्तन (छाती की हड्डी काट कर ऑपरेशन पूर्ण करने) की आवश्यकता हो सकती है। पूर्ण स्टर्नोटॉमी में परिवर्तन केवल रोगी की सुरक्षा के लिए किया जाता है और इसे मिनिमल इनवेसिव हार्ट सर्जरी की असफलता नहीं माना जाता।
उम्र, मधुमेह, मोटापा, ऑपरेशन से पूर्व छाती में विकिरण (रेडिएशन थेरेपी) या फेफड़ों की बीमारी जैसे कुछ कारक मिनिमली इनवेसिव हार्ट सर्जरी के जोखिम को बढ़ा सकते हैं। फिर भी, आधुनिक एनेस्थीसिया, उन्नत मॉनिटरिंग और सर्जिकल सटीकता ने जटिलताओं की दर को बहुत कम कर दिया है।
संक्रमण की रोकथाम, ऑपरेशन के पश्चात जल्दी चलना फिरना और शारीरिक गतिविधि प्रारंभ करना और नियमित फॉलो-अप जोखिमों को कम करने में महत्वपूर्ण हैं। अधिकांश रोगी 2-3 हफ्तों में ही सामान्य जीवन में लौट आते हैं।
पारंपरिक और मिनिमली इनवेसिव हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट के बीच चयन
दोनों प्रकार की सर्जरी का उद्देश्य समान है — सामान्य वाल्व कार्य क्षमता को बहाल करना, लक्षणों को कम करना और जीवन को लंबा करना। अंतर केवल चीरे के आकार, सर्जिकल एक्सपोजर, रिकवरी समय और सौंदर्य परिणामों (ऑपरेशन के चीरे के निशान की दिखावट और दृश्यता) में है।
रोगी के दृष्टिकोण से, मिनिमली इनवेसिव तकनीक में कम दर्द, अस्पताल से शीघ्र छुट्टी, छोटे निशान और सामान्य जीवन में जल्दी वापसी होती है। लेकिन सभी रोगी इसके लिए उपयुक्त नहीं होते। जिनमें कई वाल्व समस्याएँ हों, जिनमे गंभीर एऑर्टिक कैल्सिफिकेशन हों या हार्ट वाल्व ऑपरेशन से पूर्व छाती की सर्जरी हो चुकी हो, वे पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी से अधिक लाभान्वित होते हैं।
अंतिम निर्णय एक बहु-विषयक हार्ट टीम द्वारा लिया जाता है जिसमें कार्डियक सर्जन, कार्डियोलॉजिस्ट और इमेजिंग विशेषज्ञ शामिल होते हैं। वे वाल्व के प्रकार (एऑर्टिक या माइट्रल), हृदय की कार्यक्षमता और रोगी की शारीरिक संरचना को ध्यान में रखते हुए सर्वोत्तम विकल्प सुझाते हैं।
अनुभवी हाथों में दोनों प्रक्रियाएँ समान रूप से उत्कृष्ट दीर्घकालिक परिणाम देती हैं। सबसे महत्वपूर्ण है कि रोगी के लिए सबसे उपयुक्त प्रक्रिया वैज्ञानिक मूल्यांकन और संयुक्त निर्णय पर आधारित हो। मोटे तौर पर
मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट के आदर्श उम्मीदवार
जिनमें एक ही वाल्व की बीमारी हो (मुख्यतः एऑर्टिक या माइट्रल)
जिनके हृदय की पंपिंग क्षमता सामान्य हो
जिनमें कोरोनरी धमनियों में कोई बड़ी रुकावट न हो
जिनका पहले कोई ओपन-हार्ट ऑपरेशन न हुआ हो
जिनमें छाती की हड्डी या एऑर्टा में अत्यधिक कैल्सिफिकेशन न हो
जो मोटे न हों, जिनके फेफड़े स्वस्थ हों और जिनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्यतः अच्छी हो
युवा या मध्यम आयु वर्ग के रोगी जो तेज़ रिकवरी और छोटे निशान चाहते हैं
बुजुर्ग लेकिन अन्यथा स्वस्थ रोगी जो कम दर्द और कम अस्पताल प्रवास चाहते हैं
जो उच्च अनुभव वाले केंद्रों में ऑपरेशन करवाते हैं जहाँ रोबोटिक या 3D-सहायता प्राप्त तकनीकें उपलब्ध हैं
मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट के लिए अनुपयुक्त उम्मीदवार
जिनमें एक से अधिक वाल्व की बीमारी हो और जिन्हें एक साथ ठीक करने की आवश्यकता हो
जिन्हें वाल्व रिप्लेसमेंट के साथ कोरोनरी बायपास (CABG) की भी आवश्यकता हो
जिनमें गंभीर एऑर्टिक कैल्सिफिकेशन हो
जिन्हें पहले छाती में विकिरण (चेस्ट रेडियोथेरेपी) दी गई हो
जिनका पहले ओपन-हार्ट ऑपरेशन हो चुका हो जिससे छाती में चिपकाव (एडहीज़न) बन गए हों
जिनमें फेफड़ों की गंभीर बीमारी (COPD, फाइब्रोसिस आदि) हो
जो अत्यधिक मोटे हों जिससे छाती तक पहुंचना कठिन हो
जिनका हृदय बहुत कमजोर हो (इजेक्शन फ्रैक्शन 30% से कम) या जिनका हृदय बहुत बड़ा हो
जिनमें छाती की विकृतियाँ, संक्रमण या सामान्य स्वास्थ्य बहुत खराब हो
अंतिम निर्णय तकनीकी सुरक्षा और दीर्घकालिक सफलता के साथ मिनिमली इनवेसिव दृष्टिकोण के लाभों को संतुलित करके लिया जाता है। उचित मूल्यांकन के लिए इकोकार्डियोग्राफी, सीटी एंजियोग्राफी और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट एवं एक बहू-विषयक हार्ट टीम द्वारा मूल्यांकन अत्यंत आवश्यक हैं।
MBBS, MS, MCh, FRCS-CTh,
FRCS-CTh(Ed), MEBCTS, FEBCTS, FACS(USA), DNB, MNAMS, MBA
Associate Director-Cardio-thoracic and Vascular Surgery, Yashoda Medicity, Ghaziabad(UP)
प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न
मिनिमली इनवेसिव वाल्व रिप्लेसमेंट क्या है?
यह हृदय वाल्व बदलने की एक आधुनिक तकनीक है जिसमें छाती की हड्डी (sternum) को पूरा नहीं काटा जाता। छोटे चीरे से बीमार वाल्व को मैकेनिकल या टिश्यू वाल्व से बदला जाता है।
यह पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी से कैसे अलग है?
छाती की हड्डी नहीं खोली जाती
छोटा चीरा (5–7 सेमी)
दर्द व रक्तस्राव कम
संक्रमण का जोखिम कम
जल्दी रिकवरी
बेहतर कॉस्मेटिक परिणाम
किन-किन वाल्वों को इस तकनीक से बदला जा सकता है?
एओर्टिक वाल्व
माइट्रल वाल्व
ट्राइकस्पिड वाल्व (चुनिंदा मामलों में)
यह सर्जरी किन मरीजों के लिए उपयुक्त है?
ऐसे मरीज जिनमें:
केवल एक वाल्व में समस्या हो
जटिल हृदय रोग या भारी कैल्सिफिकेशन न हो
कोरोनरी धमनियों में गंभीर ब्लॉकेज न हो
सामान्य स्वास्थ्य अच्छा हो
उपयुक्तता CT स्कैन, इको और चिकित्सीय परीक्षण से तय की जाती है।
क्या इसके परिणाम ओपन-हार्ट सर्जरी जैसे होते हैं?
हाँ।
अनुभवी सर्जन द्वारा किये जाने पर इसके दीर्घकालिक परिणाम और सुरक्षा पारंपरिक सर्जरी के समान ही होते हैं।
इस सर्जरी में कौन-से वाल्व लगाए जाते हैं?
मैकेनिकल वाल्व – बहुत टिकाऊ, जीवनभर रक्त-पतला दवा आवश्यक
टिश्यू/बायोलॉजिकल वाल्व – रक्त-पतली दवा की आवश्यकता नहीं, पर भविष्य में बदलना पड़ सकता है
अस्पताल में कितने दिन रहना पड़ता है? रिकवरी कितनी जल्दी होती है?
अस्पताल में रहना: 4–6 दिन
पूरी रिकवरी: 4–6 सप्ताह
ज़्यादातर मरीज पारंपरिक सर्जरी की तुलना में जल्दी सामान्य दिनचर्या में आ जाते हैं।
क्या इस सर्जरी में दर्द कम होता है?
हाँ।
छोटे चीरे और कम ऊतक खिंचाव के कारण दर्द काफी कम होता है।
क्या सर्जरी धड़कते हुए हृदय पर की जाती है?
अधिकांश मामलों में यह सर्जरी हार्ट-लंग मशीन की सहायता से की जाती है, जिसमें हृदय को कुछ समय के लिए रोका जाता है।
मैं कब तक सामान्य जीवन और कार्य पर लौट सकता हूँ?
हल्की गतिविधियाँ: 2 सप्ताह
कार्यालय का काम: 3–4 सप्ताह
पूर्ण गतिविधि: 4–6 सप्ताह (डॉक्टर की सलाह अनुसार)
इस विषय पर किसी भी प्रश्न के लिए यहां लिखें
Mail to: drkeshriheartcare@gmail.com or Click Here For WhatsApp (Text msg Only):