मिनिमली इनवेसिव बाईपास - मिडकैब (Minimally Invasive Bypass - MIDCAB)

पारंपरिक बाईपास ऑपरेशन में हृदय तक पहुँचने के लिए पूरी छाती की हड्डी (स्टीर्नम) को काटा जाता है। मिनिमली इनवेसिव डायरेक्ट कोरोनरी आर्टरी बाईपास, या मिडकैब, कोरोनरी आर्टरी बाईपास सर्जरी का एक उन्नत रूप है, जिसमें सर्जन बिना किसी हड्डी को काटे पसलियों के बीच एक छोटे चीरे के माध्यम से हृदय तक पहुँचता है। हार्ट‑लंग मशीन का उपयोग कर के की जाने वाली पारंपरिक कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्टिंग (CABG) के विपरीत, मिडकैब (MIDCAB)आमतौर पर धड़कते हुए हृदय पर (बीटिंग हार्ट/ऑफ‑पंप) छाती के बायें ओर एक छोटे चीरे (मिनी‑थोरेकोटॉमी) के माध्यम से किया जाता है। यह कम आक्रामक प्रक्रिया कुछ विशेष रूप से चयनित कोरोनरी आर्टरी डिजीस के उपचार के लिए डिज़ाइन की गई है, जो उपयुक्त रूप से चुने गए मरीजों में तेज़ रिकवरी, कम पीड़ा \ और उत्कृष्ट दीर्घकालिक परिणाम प्रदान करती है।

किसे मिडकैब (MIDCAB)सर्जरी की आवश्यकता होती है?

मिडकैब (MIDCAB)आमतौर पर उन मरीजों के लिए अनुशंसित होती है जिनमें एक या कभी‑कभी दो कोरोनरी धमनियों में गंभीर रुकावट होती है — अक्सर यह लेफ्ट एंटीरियर डिसेंडिंग धमनी (LAD artery) होती है, जो हृदय के एक बड़े हिस्से को रक्त की आपूर्ति करने वाली सबसे महत्वपूर्ण धमनी है। यह विशेष रूप से उन मरीजों के लिए उपयुक्त है जो एंजियोप्लास्टी या स्टेंटिंग के लिए आदर्श उम्मीदवार नहीं हैं, या जिनमें पहले एंजियोप्लास्टी के बाद पुनः ब्लॉकेज (री‑नैरोइंग) हो गया है, या जो पारंपरिक बाईपास सर्जरी की तुलना में कम आक्रामक विकल्प पसंद करते हैं। कुछ केंद्रों में, ऐसे मरीज जिनमें तीनों मुख्य कोरोनरी धमनियों (कोरोनरी आर्टरी) में रोग है और जिन्हें तीनों धमनियों पर ग्रा बाईपास की आवश्यकता होती है, उनका उपचार भी मिडकैब (MIDCAB) पद्धति से किया जाता है। कई केंद्रों में, मिडकैब (MIDCAB) का एक ‘हाइब्रिड’ रणनीति के हिस्से के रूप में भी प्रयोग किया जाता है, जहाँ हृदय की सबसे महत्वपूर्ण धमनी LAD को मिडकैब (MIDCAB) द्वारा बाईपास

किया जाता है, और अन्य कम महत्वपूर्ण धमनियों का उपचार स्टेंटिंग से किया जाता है। यह दृष्टिकोण रोगी को LAD में सर्जिकल ग्राफ्ट की टिकाऊ गुणवत्ता का लाभ और अन्य धमनियों की एंजियोप्लास्टी की तेज़ रिकवरी का लाभ दोनों एक साथ दिलवाने का प्रयास करता है। कुछ मरीज जिनकी छाती के बाएँ हिस्से पर पहले ऑपरेशन हो चुका हो या जिन्होंने पहले तपेदिक (टीबी) झेला हो और जिनकी छाती की गुहा के अंदर चिपकाव (एडहेशन्स) बनने की संभावना हो, वे मिडकैब (MIDCAB) के लिए उपयुक्त उम्मीदवार नहीं होते हैं। डॉक्टर मिडकैब (MIDCAB) की अनुशंसा करने से पूर्व मरीज की हृदय स्थिति, संपूर्ण स्वास्थ्य और इमेजिंग परिणामों का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करते हैं, एवं पूर्तः संतुष्ट होने पर ही मिडकैब (MIDCAB) की अनुशंसा करते हैं। इसमें कोरोनरी एंजियोग्राम, हृदय की पंपिंग और वाल्व की स्थिति की जांच के लिए इकोकार्डियोग्राफी, और कुछ मामलों में सीटी स्कैन या फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच शामिल होती है। एक बहु‑विषयक हार्ट टीम यह निर्णय लेती है कि मिडकैब (MIDCAB), पारंपरिक CABG, एंजियोप्लास्टी या हाइब्रिड दृष्टिकोण में से कौन‑सा तरीका सबसे सुरक्षित और प्रभावी रहेगा।

मिडकैब (MIDCAB)सर्जरी कैसे की जाती है?

सर्जरी के दौरान, सर्जन छाती के बाएँ हिस्से में पसलियों के बीच लगभग 5‑7 सेमी का एक छोटा चीरा लगाता है। इस छोटे से रास्ते से, लेफ्ट इंटरनल मैमरी आर्टरी (LIMA) — जो अपनी मजबूती और दीर्घकालिक अच्छे परिणामों (पेटेंसी) के लिए जानी जाती है — को सावधानीपूर्वक तैयार किया जाता है, और इसे अवरुद्ध कोरोनरी धमनी के आगे वाले हिस्से से जोड़ा जाता है (ग्राफ्ट किया जाता है)। इस दौरान एक विशिष्ट उपकरण (स्टेबलाइजिंग डिवाइस) हृदय के धड़कते हुए हिस्से के एक छोटे भाग को स्थिर रखते हैं ताकि सर्जन ग्राफ्टिंग की प्रक्रिया कर सके, जबकि हृदय का बाकी हिस्सा सामान्य रूप से धड़कता रहता है और हार्ट‑लंग मशीन की आवश्यकता नहीं होती। मरीज के दृष्टिकोण से देखा जाए तो मिडकैब (MIDCAB)सम्पूर्ण बेहोशी (जनरल एनेस्थीसिया) के तहत की जाती है, इसलिए सर्जरी के दौरान आप पूरी तरह सोए रहते हैं। सुरक्षा के लिए एक श्वसन नली (ब्रीदिंग ट्यूब), मॉनिटरिंग लाइन्स और एक अस्थायी चेस्ट ड्रेन डाली जाती हैं, जो आमतौर पर सर्जरी के कुछ समय के बाद निकाल दी जाती हैं। अधिकांश मरीज पारंपरिक बाईपास

सर्जरी की तुलना में बहुत जल्दी उठ‑बैठ सकते हैं, चल सकते हैं और खाना खा सकते हैं, क्योंकि इस पद्धति में छाती की हड्डी नहीं काटी जाती। यह सटीक सर्जिकल तकनीक हृदय में स्थिर रक्त प्रवाह, न्यूनतम आघात और तेज़ उपचार सुनिश्चित करती है। अनुभवी केंद्रों में, मिडकैब (MIDCAB) उपचारित धमनियों के लिए पारंपरिक बाईपास सर्जरी के समान ही दीर्घकालिक परिणाम और राहत प्रदान करती है।

मिनिमली इनवेसिव बाईपास मिडकैब (MIDCAB) के लाभ

मिडकैब (MIDCAB) पारंपरिक बाईपास सर्जरी की तुलना में कई लाभ प्रदान करती है, विशेष रूप से उन मरीजों के लिए जिनमें सीमित कोरोनरी रोग है और जो कम आक्रामक विधि के साथ सर्जिकल सटीकता का लाभ उठाना चाहते हैं:

  • छोटा चीरा और न्यूनतम दाग

  • ऑफ‑पंप प्रक्रिया (हार्ट‑लंग मशीन की आवश्यकता नहीं) जिससे मशीन से जुड़ी जटिलताओं की संभावना कम होती है

  • संक्रमण और अन्य जटिलताओं का कम जोखिम

  • अस्पताल में कम समय और तेज़ रिकवरी

  • कम रक्तस्राव और कम पोस्टऑपरेटिव दर्द

  • सामान्य दैनिक गतिविधियों में जल्दी वापसी मिडकैब (MIDCAB)करवाने वाले मरीज अक्सर बेहतर आराम, कम तनाव और बेहतर परिणामों का अनुभव करते हैं।

मिडकैब (MIDCAB)सर्जरी के बाद रिकवरी

मिडकैब (MIDCAB)के बाद रिकवरी पारंपरिक बाईपास सर्जरी की तुलना में काफी तेज़ होती है। अधिकांश मरीज लगभग 3 से 5 दिन अस्पताल में रहते हैं और 2 से 3 सप्ताह में सभी गतिविधियाँ शुरू कर सकते हैं। पूर्ण रिकवरी आमतौर पर 4 से 6 सप्ताह में होती है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य और फिटनेस पर निर्भर करती है। कई लोग ड्राइविंग, ऑफिस का काम और दैनिक गतिविधियाँ जल्दी

शुरू कर पाते हैं क्योंकि इस सर्जरी में छाती की हड्डी नहीं काटी जाती। मिडकैब (MIDCAB)के बाद कार्डियक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम की सिफारिश की जाती है। ये व्यायाम और शिक्षा सत्र हृदय को मजबूत करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सामान्य जीवन में सुरक्षित वापसी में मदद करते हैं, जिसमें काम, यात्रा और पारिवारिक जीवन भी शामिल है। हृदय‑स्वस्थ जीवनशैली अपनाना — जैसे संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, रक्तचाप, शुगर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखना, धूम्रपान और तंबाकू से बचना — मिडकैब (MIDCAB) के बाद दीर्घकालिक सफलता के लिए आवश्यक है। आपके कार्डियोलॉजिस्ट द्वारा सुझाई गई दवाएँ, जैसे एंटी‑प्लेटलेट एजेंट्स और स्टैटिन्स, नियमित रूप से लेनी चाहिए ताकि आपके ग्राफ्ट और प्राकृतिक कोरोनरी धमनियाँ दोनों सुरक्षित रहें।

जोखिम और सावधानियाँ

हालाँकि मिडकैब (MIDCAB) सुरक्षित और प्रभावी है, यह सभी मरीजों के लिए उपयुक्त नहीं होती। जिन मरीजों में कई धमनियाँ अवरुद्ध हों, बहुत जटिल कोरोनरी संरचना हो, हृदय की कार्यक्षमता बहुत कम हो, धमनियों में अत्यधिक कैल्शियम जमाव हो या पहले बड़ी छाती की सर्जरी हो चुकी हो, उनके लिए पारंपरिक CABG या अन्य विधियाँ अधिक उपयुक्त हो सकती हैं। संभावित जोखिमों में रक्तस्राव, अनियमित हृदयगति, घाव या फेफड़ों का संक्रमण, अस्थायी सांस की कठिनाई, हार्ट अटैक, स्ट्रोक या अधूरी पुनः रक्त आपूर्ति (रीवैस्क्युलराइजेशन) शामिल हैं। कभी‑कभी ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा के लिए सर्जन को नियोजित मिडकैब (MIDCAB) को पूर्ण स्टीर्नोटोमी में बदलना पड़ सकता है। अनुभवी कार्डियक सर्जन और ऐसे केंद्र का चयन करना जो नियमित रूप से मिडकैब (MIDCAB) करते हों, इन जोखिमों को काफी कम करता है और परिणामों में सुधार लाता है। जोखिम कई कारकों पर निर्भर करते हैं और हर मरीज में भिन्न होते हैं। इसके लिए कई मानकीकृत जोखिम स्कोर गणक (रिस्क स्कोर कैलकुलेटर) उपलब्ध हैं। आपकी व्यक्तिगत जोखिम प्रोफ़ाइल सर्जरी से पहले आपको विस्तार से समझाई जाएगी।

मिडकैब (MIDCAB) बनाम पारंपरिक बाइपास (CABG)

पारंपरिक CABG में छाती की हड्डी के मध्य में एक लंबा चीरा लगाया जाता है और हार्ट‑लंग मशीन द्वारा अस्थायी रूप से हृदय को रोका जाता है ताकि शरीर के बाकी हिस्सों में रक्त का परिसंचरण बनाए रखा जा सके। वहीं पारंपरिक बीटिंग हार्ट बाईपास (जैसा कि हमारे पिछले अनुभाग में बताया गया है) में भी छाती की हड्डी काटी जाती है लेकिन इसमें हार्ट‑लंग मशीन का उपयोग नहीं होता और हृदय को रोका नहीं जाता। इसके विपरीत, मिडकैब (MIDCAB) में पसलियों के बीच एक छोटा सा चीरा लगाया जाता है और धड़कते हुए हृदय पर सर्जरी की जाती है। हालाँकि तीनों तकनीकें हृदय की मांसपेशियों में रक्त प्रवाह पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य रखती हैं, मिडकैब (MIDCAB) का उद्देश्य सर्जरी के आघात को कम करना और रिकवरी को तेज़ करना है। सीमित रुकावटों (ब्लॉकेज) या किसी एक धमनी (आर्टरी), विशेष रूप से लेफ्ट एंटीरियर डिसेंडिंग आर्टरी की रुकावटों में, मिडकैब (MIDCAB) एक उत्कृष्ट विकल्प है जो लंबे समय तक लाभ प्रदान करता है। एक साथ कई आर्टरियों में ब्लॉकेज (मल्टीवेसल डिजीस) होने पर, डायबिटीज के साथ तीनो आर्टरियों में ब्लॉकेज होने पर (डायबिटीज विथ ट्रिपल वेसल डिजीस) या लेफ्ट मेन आर्टरी में रोग (लेफ्ट मैं डिजीस) के मामलों में, पारंपरिक CABG अभी भी सर्वश्रेष्ठ दीर्घकालिक परिणाम प्रदान कर सकती है। इस पर कोई भीनिर्णय लेने से पूर्व आपके हार्ट टीम के साथ विस्तार से चर्चा की जानी चाहिए। इनमें से किसी एक को चुनने का निर्णय मरीज और सर्जन को मिलकर लेना चाहिए, और निर्णय की प्रक्रिया में हार्ट टीम की अनुशंसा को अत्यधिक महत्व प्रदान करना चाहिए।

बाइपास सर्जरी का भविष्य: हाइब्रिड प्रक्रियाएँ

आधुनिक कार्डियक केंद्र अक्सर मिडकैब (MIDCAB) को एंजियोप्लास्टी (स्टेंट जिसे हम आम भाषा में छल्ला बोलते हैं लगाने) के साथ मिलाकर एक प्रक्रिया करते हैं जिसे हाइब्रिड कोरोनरी रिवास्कुलराइजेशन (HCR) कहा जाता है। यह दृष्टिकोण दोनों तकनीकों का सर्वश्रेष्ठ लाभों को एक साथ प्रदान करता है। इस हाइब्रिड प्रकिया को अपनाने से रोगी को LAD आर्टरी के लिए लंबे समय तक लिए टिकाऊ परिणामों वाले सर्जिकल LIMA ग्राफ्ट और अन्य उपयुक्त धमनियों के लिए त्वरित स्वाष्टि लाभ वाले मिनिमली इनवेसिव स्टेंटिंग दोनों का लाभ एक साथ मिलता है। HCR कोरोनरी आर्टरी डिसीज़ के उपचार के इतिहास का अगला अध्याय है

जो सुरक्षा और परिणामों के बीच बेहतर संतुलन बनाए रहते हुए पूरी पारंपरिक CABG की तुलना में कम आक्रामक रहता है। कुछ विशेषीकृत केंद्रों में, पूरी तरह एंडोस्कोपिक या सर्जिकल रोबोट की सहायता से कोरोनरी बाईपास प्रक्रियाएँ भी विकसित की जा रही हैं। हालाँकि ये सभी रोगियों के लिए आवश्यक या उपयुक्त नहीं हैं, ये तकनीकें चीरे के आकार को और भी कम करती हैं और भविष्य में मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी में इनकी भूमिका बढ़ने की संभावना है।

प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न

MIDCAB सर्जरी क्या है?

MIDCAB (मिनिमली इनवेसिव डायरेक्ट कोरोनरी आर्टरी बायपास) एक बायपास सर्जरी है जो सीने की बाईं ओर छोटे चीरे से की जाती है, जिसमें छाती की हड्डी (sternum) नहीं काटी जाती।

MIDCAB में:

  • छाती की हड्डी नहीं काटी जाती

  • छोटा चीरा होता है

  • दर्द कम होता है

  • जल्दी रिकवरी होती है

  • अस्पताल में कम समय रहना पड़ता है

यह विशेष रूप से लाभकारी है जब:

  • एक या दो आर्टरी प्रभावित हों

  • LAD आर्टरी में रोग हो

  • मरीज बड़ा चीरा न चाहते हों या उच्च जोखिम वाले हों

हाँ।
विशेषकर LAD बायपास में MIDCAB के परिणाम उत्कृष्ट और दीर्घकालिक होते हैं।

आम तौर पर 2–3 घंटे, रोग की जटिलता पर निर्भर करता है।

  • अस्पताल में रहना: 3–4 दिन

  • सामान्य गतिविधियों में वापसी: 2–3 सप्ताह

  • दर्द बहुत कम रहता है

हाँ।
MIDCAB साधारणतः ऑफ-पंप तकनीक से की जाती है—सर्जरी के दौरान हृदय धड़कता रहता है।

हाँ।
इसे हाइब्रिड कोरोनरी रीवैस्कुलराइजेशन कहा जाता है, जहाँ कुछ आर्टरी स्टेंट से और कुछ बायपास से ठीक की जाती हैं।

यह उपयुक्त नहीं होती यदि:

  • कई आर्टरी में जटिल रोग हो

  • आर्टरी बहुत संकरी या कई जगह खराब हो

  • LAD आर्टरी बहुत गहराई में स्थित हो

हाँ।
अनुभवी केंद्रों में यह सर्जरी अत्यंत सुरक्षित है और इसमें:

  • संक्रमण कम

  • रक्तस्राव कम

  • तेजी से घाव भरना

  • जल्दी काम पर वापसी

 इस विषय पर किसी भी प्रश्न के लिए यहां लिखें

Mail to: drkeshriheartcare@gmail.com or Click Here For WhatsApp (Text msg Only):